सीपीएस में न्यायिक पदाधिकारियों ने किया स्काउट्स एवं गाइड्स का मार्गदर्शन
छपरा, 18 जून 2026। भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, चांदमारी रोड, छपरा में आयोजित जिला स्तरीय एकता शिविर के चौथे दिन न्यायिक पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के भविष्य हैं। उन्होंने कानून के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में न्याय, समानता और सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी स्वाति सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजीव कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राघवेंद्र विक्रम सिंह परमार, न्यायिक दंडाधिकारी साक्षी प्रखर तथा नैना जिंदल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को संविधान, न्याय व्यवस्था, नागरिक कर्तव्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा सेवा एवं सदाचार के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में उपस्थित पाँच सौ से अधिक स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने अतिथियों के अनुभवों एवं विचारों से लाभ प्राप्त किया। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका अतिथियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने शिविर के उत्कृष्ट आयोजन, अनुशासन एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल तथा भारत स्काउट एवं गाइड, सारण की प्रशंसा की। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
