सीपीएस में सफलता का उत्सव, 10वीं के मेधावी छात्र हुए सम्मानित

सीपीएस में सफलता का उत्सव, 10वीं के मेधावी छात्र हुए सम्मानित

छपरा। सेंट्रल पब्लिक स्कूल, छपरा में कक्षा 10 के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित करने हेतु आयोजित “सीपीएस एक्सीलेंस अवार्ड – 2026” समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में 80% एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिससे समारोह और भी भावनात्मक एवं प्रेरणादायक बन गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई, जिसके बाद एक-एक कर मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। हाल ही में घोषित सीबीएसई कक्षा 10 के परिणाम में विद्यालय ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी उत्कृष्टता सिद्ध की है।

विद्यालय की छात्रा दीक्षा राज एवं छात्र प्रिंस राज ने 96.2% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। आदित्य कुमार ने 96.0% के साथ द्वितीय स्थान तथा माहि कुमारी ने 95.0% अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कई विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

समारोह के दौरान विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन का भी उल्लेख किया गया, जिसमें अंग्रेजी एवं सामाजिक विज्ञान में 99 अंक, गणित एवं विज्ञान में 97 अंक, हिंदी में 96 अंक तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विशेष सराहना की गई।

विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि इस वर्ष 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 5 विद्यार्थी, 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 28 विद्यार्थी तथा 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 102 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जो विद्यालय के निरंतर उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर को दर्शाता है।

चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की सफलता को अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं निरंतर प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की भी सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्सव का वातावरण रहा, जहां विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और अपनी सफलता की खुशी साझा की।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top