8वीं सारण जिला योगा चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ, 150 प्रतिभागियों ने लिया भाग




छपरा, 22 जुलाई।
सारण योगा एसोसिएशन द्वारा आयोजित 8वीं सारण जिला योगा चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ सेंट्रल पब्लिक स्कूल, विकास नगर, चांदमारी रोड, छपरा में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों से लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सेंट्रल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह एवं प्राचार्य मुरारी सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन, अनुशासन और आत्मविश्वास का आधार है तथा ऐसी प्रतियोगिताएँ युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री अतुल कुमार एवं डॉ. विक्की आनंद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण खेल जगत के भीष्म पितामह डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह रहे। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है और युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
सारण योगा एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने योगासन की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। आयोजन को सफल बनाने में एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विकाश कुमार सिंह, सचिव यशपाल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. देव कुमार, उपाध्यक्ष संगीता सिंह, कोषाध्यक्ष प्रीति सिंह सहित सभी पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही। प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा।
