प्रेस विज्ञप्ति
जन्म शताब्दी वर्ष पर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी को श्रद्धांजलि, छपरा में विचार संगोष्ठी आयोजित
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर जी की जन्म शताब्दी वर्ष पर क्षत्रिय छात्रावास में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
छपरा, 8 जुलाई। प्रखर वक्ता, समाजवाद के पुरोधा एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 19वीं पुण्यतिथि एवं जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर सारण जिला क्षत्रिय छात्रावास, छपरा में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षत्रिय छात्रावास के अध्यक्ष एवं जदयू नेता कामेश्वर सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय चंद्रशेखर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण किया।
मुख्य अतिथि जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि चंद्रशेखर जी भारतीय राजनीति के ऐसे जननायक थे जिन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए देशहित में कई साहसिक एवं दूरदर्शी निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर जी का सारण से विशेष संबंध रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों द्वारा उठाई गई छपरा में उनकी प्रतिमा स्थापित करने एवं उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग का समर्थन करते हुए आश्वस्त किया कि इस संबंध में केंद्र सरकार के समक्ष गंभीरतापूर्वक प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर राजीव प्रताप रूडी ने दूरभाष पर सारण जिला क्षत्रिय महासभा एवं सारण जिला क्षत्रिय छात्रावास द्वारा आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम के लिए आयोजकों को धन्यवाद एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर जी का व्यक्तित्व एवं राष्ट्र के प्रति उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। श्री रूडी ने भविष्य में ऐसे आयोजनों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने चंद्रशेखर जी की प्रतिमा छपरा के किसी प्रमुख चौक पर स्थापित करने की मांग दोहराई। सीपीएस, छपरा के निदेशक डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर जी ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का दायित्व माना। उनका जीवन सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, सादगी और सिद्धांतों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विचार संगोष्ठी में रमाकांत सोलंकी, डॉ. राजीव कुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य ओम सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह चौहान, राकेश सिंह, जितेंद्र सिंह, मुरारी सिंह, राजीव सिंह एवं राजेंद्र सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चंद्रशेखर जी का जीवन संघर्ष, ईमानदारी, स्पष्टवादिता एवं राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था। उनकी ऐतिहासिक भारत यात्रा भारतीय जनमानस से उनके गहरे जुड़ाव का प्रमाण है।
कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा नेता अजीत सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर जी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राजनीतिक जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रो. धनंजय सिंह, अरुण सिंह, अनिल सिंह, पुरुषोत्तम सिंह ‘गुड्डा’, अभय कुमार सिंह, महेश सिंह, मदन कुमार सिंह, केशरी सिंह, वीरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह, अर्धेन्दु शेखर, विजय सिंह, सुरेश सिंह, अखिलेश सिंह, राष्ट्रीय कोच रमेश सिंह सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


