पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ने सराहे डालसा के मानवता एवं जनसेवा के कार्य


पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री संदीप कुमार जी ने व्यवहार न्यायालय, छपरा सहित सोनपुर एवं मढ़ौड़ा अनुमंडल न्यायालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के तत्वावधान में मंडल कारा, छपरा में अखंड ज्योति, परसा के सहयोग से आयोजित नेत्र जांच शिविर के उपरांत बंदियों के बीच पावर चश्मों का वितरण किया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक श्री अमरजीत सिंह सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में माननीय न्यायमूर्ति ने व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित लेखकागार, उपचार केंद्र, मातृत्व कक्ष, शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गर्ग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राजीव कुमार, मुख्य विधिक सहयोगी श्री पुनेंदु रंजन सहित न्यायिक पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
डालसा परिसर में माननीय न्यायमूर्ति ने एक दर्जन से अधिक दिव्यांगजनों को बैटरी संचालित ट्राईसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा मानव सेवा एवं न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति ने स्वामी विवेकानंद, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम एवं भगवान गौतम बुद्ध के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी पुस्तकें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गर्ग, जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार तथा डालसा के सदस्य डॉ. हरेन्द्र सिंह को सप्रेम भेंट कीं।
डालसा परिवार ने माननीय न्यायमूर्ति के प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
