प्रेस विज्ञप्ति
पाँच दिवसीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य समापन
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ फाइनल, सारण के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
छपरा। सारण डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में राजपूत स्कूल के बैडमिंटन ऑडिटोरियम में आयोजित पाँच दिवसीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव उपस्थित रहे। विजयी खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सात इवेंट के फाइनल मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे, जिनमें सारण के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
फाइनल मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे। वेटरन्स केटेगरी में प्रीतेश सिंह और उत्तम की जोड़ी को गोपालगंज के डॉ. आशीष और तरुण ने पराजित किया। मेंस सिंगल में अमन (गोपालगंज) ने शुभंकर (छपरा) को हराया। मेंस डबल में सजल सिंह और आदित्य सिंह (छपरा) ने तरुण और दानिश (गोपालगंज) को हराया। ऑफिसर्स केटेगरी में प्रो. अनमोल और प्रो. पवन की जोड़ी ने इंस्पेक्टर उपेंद्र और इंस्पेक्टर सृजन को हराया। अंडर 14 सिंगल में आयुष गौरव (आरा) ने रुद्र प्रताप (आरा) को हराया। अंडर 14 डबल में आयुष गौरव और रुद्र प्रताप सिंह की जोड़ी ने आरव सैनी और हर्षित सिंह (छपरा) को हराया। महिला सिंगल में अभिज्ञा अमृत (गोपालगंज) ने वैभवी चंद्रा को पराजित किया।
समारोह में ट्रैफिक डीएसपी संतोष पासवान, डीएसपी दानिश रहमानी, केनरा बैंक के जीएम एवं आरएम, एडीजे अकरम खान तथा सीआई सदर किरण शंकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस आयोजन को सफल बनाने में संघ के सचिव प्रीतेश सिंह, आयोजन अध्यक्ष सुशील वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. विकास कुमार सिंह सहित सुमित श्रीवास्तव, आनंद मोहन, पवन कुमार एवं उत्तम कुमार की सक्रिय भूमिका रही।

